औरंगाबाद: नकली शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली स्प्रिट की बड़ी खेप जब्त

औरंगाबाद: कासना पुलिस ने नए वर्ष के जश्न से पहले नकली शराब के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शुक्रवार की रात छापेमारी कर 760 लीटर स्प्रिट जब्त किया. तस्कर भागने में सफल रहे. इस स्प्रिट को तस्कर नकली शराब बनाने के लिए ले जाने वाले थे. जब्त स्प्रिट को पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया.
मामला थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ का है. थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि एक सफ़ेद रंग की बोलोरो वाहन में स्प्रिट की बड़ी खेप जा रही है जिसके आलोक में थाना क्षेत्र के उस जगह वाहन जांच की गई. जहां पुलिस को देख वाहन खड़ी कर तस्कर मौके से फरार हो गए. वाहन को जब्त कर थाना लाया.
जब्त वाहन के आधार पर मालिक और चालक की तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि जब्त स्प्रिट से नकली शराब में खपाने की योजना थी. उन्होंने कहा कि नए वर्ष के जश्न को देखते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम लगातार ऐसे तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है.
शराब माफियाओं और तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की है कि राज्य में शराबबंदी है. लिहाजा नए वर्ष पर शराब का सेवन नहीं करें. इसके अलावा अर्धनिर्मित मकान से मदनपुर पुलिस द्वारा 40 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया है. जबकि पुलिस की सूचना पाकर कारोबारी मौके से फरार हो गया. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.









