सोनभद्र : सड़क पर बिखरा मलबा, केबिन के उड़े परखच्चे—दर्दनाक हादसे में चालक की मौत

रेणुकूट सोनभद्र : पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर इलाके में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब राखड़ लेकर जा रहा एक बेकाबू ट्रेलर काल का ग्रास बन गया.विंध्यनगर से गोरखपुर की ओर जा रहा यह भारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.इस भीषण हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रेलर (संख्या BR 01 CC 1455) काफी रफ्तार में था.जैसे ही वाहन खाड़पाथर से थोड़ा आगे निकला, चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा.देखते ही देखते विशालकाय ट्रेलर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया.हादसा इतना जबरदस्त था कि केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
हादसे का शिकार हुए चालक की पहचान सुल्तान अंसारी (उम्र करीब 30 वर्ष), पुत्र मुनव्वर खान, निवासी जखनिया, जिला गाजीपुर के रूप में हुई है.पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, तब तक सुल्तान की सांसें थम चुकी थीं.
सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची.पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर हिंडालको मोर्चरी में रखवा दिया है.ट्रेलर अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई है.मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है.फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के असल कारणों की जांच जारी है.











