कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, दिल्ली में बारिश के साथ नए साल की शुरुआत

देशभर में भीषण सर्दी और घने कोहरे का असर बना हुआ है। राजधानी दिल्ली बुधवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही, जिससे दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में रहा और हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, एक जनवरी को राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे नए साल का आगाज ठंडे और नम मौसम के साथ होगा।
दिल्ली के कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई। 24 घंटे का औसत एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है और आने वाले दिनों में इसके गंभीर स्तर तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। हालांकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहा, लेकिन शीतलहर का असर लोगों को परेशान कर रहा है। राजस्थान में भीषण सर्दी के चलते कई जिलों में तापमान एकल अंक में दर्ज किया गया है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का असर देखा गया है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है और अगले एक सप्ताह तक ठंड का दौर जारी रहने का अनुमान है। दार्जिलिंग के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
बिहार में ठंड और कोहरे का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते पटना समेत कई जिलों में कक्षा आठ तक के स्कूल अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। गुरेज, गुलमर्ग और माछिल सहित कई क्षेत्रों में बर्फ गिरी है। इसके बावजूद घाटी में तापमान सामान्य से कुछ अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।











