‘बॉर्डर 2’ का गाना ‘घर कब आओगे’ रिलीज, पांच दिग्गज गायकों ने दी आवाज

सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का गाना ‘घर कब आओगे’ रिलीज कर दिया गया है। यह गाना साल 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ के पॉपुलर गीत ‘संदेसे आते हैं’ का नया वर्जन है। फिल्म 23 जनवरी को रिलीज होने वाली है।
गाने के नए वर्जन में रूप कुमार राठौड़, सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ ने अपनी आवाज दी है। ओरिजिनल लिरिक्स जावेद अख्तर ने लिखे थे, जबकि नए वर्जन के लिरिक्स मनोज मुंतशिर ने तैयार किए हैं। गाने को रिलीज होते ही दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
इससे पहले मेकर्स ने ऑडियो सॉन्ग जारी किया था, जो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। गाने की लॉन्चिंग जैसलमेर में आयोजित इवेंट में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी समेत पूरी फिल्म टीम मौजूद रही।
पहले पार्ट ‘बॉर्डर’ का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था, जबकि इस बार निर्देशन अनुराग सिंह संभाल रहे हैं। नया गाना पुराने गाने की याद ताजा करता है और फिल्म के लिए उत्साह का माहौल तैयार कर रहा है।











