राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूलों में अब छात्रों को अखबार पढ़ना जरूरी

जयपुर: राजस्थान सरकार ने विद्यार्थियों में समसामयिक घटनाओं की समझ बढ़ाने, पठन-पाठन की आदत मजबूत करने और भाषा कौशल सुधारने के उद्देश्य से सभी सरकारी स्कूलों में दैनिक अखबार पढ़ना अनिवार्य कर दिया है. स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में 31 दिसंबर को आदेश जारी किया है.
आदेश के अनुसार, राज्य के सभी राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए प्रार्थना सभा में रोजाना 10 मिनट अखबार वाचन अनिवार्य किया गया है. इसमें प्रमुख राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और खेल समाचारों के साथ प्रमुख संपादकीय और महत्वपूर्ण घटनाक्रम पढ़ाया जाएगा. विद्यार्थियों की शब्दावली सुदृढ़ करने के लिए रोजाना पांच नए शब्दों का अर्थ सहित परिचय भी कराया जाएगा. इसके लिए कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
आदेश में यह भी कहा गया है कि उच्च माध्यमिक विद्यालयों में न्यूनतम दो अखबार (एक अंग्रेजी और एक हिन्दी) मंगवाए जाएं, जबकि प्रत्येक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में दो हिन्दी अखबार उपलब्ध कराए जाएं. इसी तरह, अंग्रेजी राजकीय विद्यालयों में भी न्यूनतम दो अखबार (एक अंग्रेजी, एक हिन्दी) मंगवाने होंगे और प्रार्थना सभा में एक अंग्रेजी व एक हिन्दी अखबार का वाचन कराना होगा.
शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में समाचारों में रुचि बढ़ेगी, सामान्य ज्ञान का विस्तार होगा और भाषा तथा अभिव्यक्ति क्षमता में सुधार आएगा.











