इटावा: 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी का अपहरण, पुलिस महकमे में हड़कंप

इटावा: जसवंतनगर क्षेत्र के बलरई थाना अंतर्गत एक गांव से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई. अज्ञात युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है. घटना के बाद से किशोरी का कोई सुराग नहीं लग पाया है.
किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई. बाद में जानकारी हुई कि एक अज्ञात युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सरोज ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण व बहला-फुसलाकर ले जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा. मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है.











