बरेली: दुनका में सड़क पर भटकते मिले पांच साल के बच्चे… पुलिस ने परिजनों से मिलाया

बरेली: बरेली जनपद के थाना शाही क्षेत्र में सड़क पर भटकते हुए मिले पांच साल के मासूम बच्चे को दुनका चौकी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महज दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसके परिजनों से मिलवा दिया. बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया.

जानकारी के अनुसार दुनका पुलिस चौकी से आगे सड़क किनारे एक पांच साल का बच्चा रोते-बिलखते हुए भटकता नजर आया। राहगीरों ने बच्चे को अकेला देखकर इसकी सूचना तत्काल दुनका पुलिस चौकी को दी. सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मुनेन्द्र पाल सिंह और कांस्टेबल सौरभ कुमार मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित अपने साथ चौकी ले आए.

पुलिस ने बच्चे से उसका नाम-पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन मासूम अपनी उम्र कम होने के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सका। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से आसपास के गांवों में साझा की और लोगों से पहचान कराने की अपील की. पुलिस की इस कोशिश का असर हुआ और करीब दो घंटे बाद बच्चे के परिजन दुनका चौकी पहुंच गए.

बच्चे के पिता बीरेंद्र उर्फ बबलू निवासी ग्राम गनेशपुर ने बताया कि उनका बेटा घर के पास खेल रहा था, लेकिन कैसे ढाई किलोमीटर दूर दुनका पहुंच गया, इसकी उन्हें भी जानकारी नहीं है. बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता बेहद भावुक हो गए और उन्होंने दुनका चौकी पुलिस का दिल से धन्यवाद किया.

इस मौके पर ग्राम प्रधान सतीश चंद्र गंगवार ने भी मानवीय पहल करते हुए बच्चे को नए गर्म कपड़े पहनाए. पुलिस और ग्राम प्रधान की इस सराहनीय भूमिका की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com