युवक-युवतियों ने बाइक सवार को कार से मारी टक्कर:राजधानी में देर हादसा, आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार; तलाश में जुटी पुलिस

राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक के पास का है।

जहां देर रात 1.30 बजे एक तेज रफ्तार कार चलाते हुए युवक–युवतियों ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब बाइक सवार चौक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने नियंत्रण खोते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के समय कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। टक्कर के बाद कार चालक और उसमें सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को मौके से कार से जुड़े कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

गाड़ी सरगुजा निवासी युवक की

पुलिस की जांच में सामने आया है, कि जिस कार से हादसा हुआ वो सरगुजा के कौशलपुर निवासी जयप्रकाश उपाध्याय की है। हादसे के वक्त गाड़ी कौन चल रहा था, इस बात की अधिकृत जानकारी पुलिस ने साझा नहीं की है। हादसे के दौरान कार में कौन युवक और युवती सवार थे, इसका पता लगाने में पुलिस अधिकारी जुटे है।

हर साल बढ़ रहा हादसे और मौत का आंकड़ा

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों से होने वाली मौतों की संख्या हर साल लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क सुरक्षा से जुड़ी अंतर्विभागीय नोडल एजेंसी के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है।

वर्ष 2023 में प्रदेश में 7,156 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 3,338 लोगों की जान चली गई। वहीं वर्ष 2024 में हादसों की संख्या बढ़कर 7,693 पहुंच गई और इनमें 3,753 लोगों की मौत हुई।

वर्ष 2025 में स्थिति और भी भयावह नजर आ रही है। 15 नवंबर तक प्रदेश में 13,504 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 11,554 लोग घायल हुए हैं, जबकि 5,955 लोगों की जान चली गई। आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि सड़क हादसे अब राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर भी सड़क दुर्घटनाओं की तस्वीर चिंताजनक है। वर्ष 2023 में देश में सबसे अधिक सड़क हादसे तमिलनाडु में दर्ज किए गए, जहां कुल 67,213 दुर्घटनाएं हुईं। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मौतों का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश के नाम रहा, जहां 23,652 लोगों की जान गई।

इन कारणों से होते है हादसे

  • ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार चलाना)
  • लापरवाह ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाना
  • ओवरलोडिंग और गलत तरीके से सामान व यात्री ले जाना
  • सड़क व वाहन की खराब स्थिति
  • यातायात नियमों की अनदेखी

हादसे से बचने के लिए क्या करें

  • स्पीड लिमिट का पालन करें, निर्धारित गति सीमा पर ही वाहन चलाएं।
  • शराब पीकर वाहन न चलाएं।
  • वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट, चाइल्ड लाँक का प्रयोग करें।
  • सड़क व वाहन का रख-रखाव, गड्ढे भरे, संकेतक लगाए और वाहन की सर्विसिंग नियमित कराएं।
  • चालकों को प्रशिक्षण, सख्ती व सड़क सुरक्षा शिक्षा अनिवार्य हो।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com