जबलपुर में कानून बेबस? टेंट कारोबारी के घर दूसरी बार हमला, हथगोला फेंककर फरार बदमाश

जबलपुर : घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चुंगी चौकी इलाके में बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया.उन्होंने एक टेंट कारोबारी महिला के घर को दूसरी बार निशाना बनाते हुए पहले पथराव किया.फिर हथगोले (सूअर मारने वाला बम) फेंक दिए.बम फटने से एक बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोट आई है.
उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे.बताया जा रहा है कि हमलावर वही बदमाश हैं, जिन्होंने कुछ माह पहले टेंट संचालक के यहां हमला कर आगजनी की थी.
महिलाओं ने आरोपियों पर ठंडा पानी फेंककर बचाई जान घमापुर निवासी टेंट कारोबारी महिला पूनम थदानी ने बताया कि इससे पहले भी 20 और 25 नवंबर 2025 को स्थानीय बदमाशों ने उनके घर पर पथराव और आगजनी की थी.इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले और बढ़ गए.
रविवार रात जीतू ठाकुर और यश ठाकुर अपने 20 से 25 साथियों के साथ आए और घर पर पथराव करते हुए बम फेंके.बदमाशों से बचने के लिए घर में मौजूद महिलाओं ने उन पर ठंडा पानी उड़ेल दिया, जिससे किसी तरह जान बचाई जा सकी.
पूनम थदानी ने बताया कि बदमाशों द्वारा फेंका गया हथगोला उनकी बेटी जैस्मिन के चेहरे के पास आकर फट गया.इससे जैस्मिन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत घमापुर थाने में दर्ज कराई गई थी.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय बदमाश उनके मकान और साइड में स्थित प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं.इसी मकसद से वे लगातार डराने-धमकाने और हमले जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, ताकि परिवार भयभीत होकर घर छोड़ दे.
टेंट संचालक पूनम ने बताया कि 12 नवंबर 2025 को यश ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मोहल्ले की स्कूल-कॉलेज की छात्राओं से छेड़छाड़ की थी.मैंने इसका विरोध करते हुए उन्हें फटकार लगाई थी.इसी बात से नाराज होकर 20 नवंबर की शाम बदमाशों ने टेंट हाउस में तोड़फोड़ की और पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। करीब आधे घंटे तक इलाके में उत्पात मचाया गया था.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार तोड़ दी थी और एक ऑटो में आग लगा दी थी। इतना ही नहीं, बदमाशों के परिजनों ने भी पुलिस के सामने धमकी दी थी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.











