राजस्थान: शीशा टूटा और बस से निकले बाहर… पार्षदों को वोटिंग से रोकने का आरोप, वायरल हुआ वीडियो

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नगर निकाय चुनाव में बीजेपी सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 21 सितंबर को वोटिंग से पहले 2 दिन तक राजस्थान पुलिस और हरियाणा पुलिस ने सत्ता के इशारे पर कांग्रेस के पार्षदों को बंधक बनाकर रखा, ताकि वो अपने वोट का इस्तेमाल न कर सकें.

गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने एक्स अकाउंट पर यह आरोप लगाते हुए लंबा पोस्ट शेयर किया. साथ ही इसमें एक वीडियो भी है, आरोप है कि इसमें कांग्रेस पार्षदों को सत्ता के दम पर बंधक बनाया गया था. वीडियो में कई लोगों को बस की खिड़की और शीशे तोड़कर निकलते देखा जा सकता है. कांग्रेस नेता का आरोप है कि हालात ऐसे बने कि महिला पार्षदों को भी बस से कूदकर बाहर निकलना पड़ा.

‘फर्जी मुकदमे लगाए गए, जबरन उठाया गया’

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा, ‘देश को ये तस्वीरें जरूर देखनी चाहिए..देखिए तिजारा (अलवर) में कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों को बीजेपी और पुलिस के चंगुल से किस तरह छुड़ाया गया.हालात ऐसे बना दिए गए कि पार्षदों को मजबूरी में बस के शीशे तोड़कर बाहर निकलना पड़ा. महिला पार्षदों को भी बस से कूदकर बाहर निकलना पड़ा.’

उन्होंने लिखा, ‘सोचिए.. जिस बीजेपी को राजस्थान की जनता ने नकार दिया, उसने प्रदेशभर में लोकतंत्र को लूटने के लिए सत्ता के दुरुपयोग से लेकर पुलिसिया तंत्र के बेजा इस्तेमाल तक तानाशाही के क्या-क्या हथकंडे अपनाए हैं. सत्ता के दम पर चुने हुए कांग्रेस पार्षदों पर फर्जी मुकदमे लगाए गए, जबरन उठाया गया, बंधक बनाया गया, धमकाया गया, ताकी उनसे वोटिंग का अधिकार छीन सकें.’

मुख्यमंत्री पर लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप

गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे कहा कि हालांकि, बीजेपी की सत्ता की सारी ताकत के बावजूद तिजारा की जनता की ताकत के आगे तानाशाही को झुकना पड़ा. बीजेपी और पुलिस के शिकंजे से निकलकर रात 10 बजे कांग्रेस पार्षदों ने तिजारा पहुंचकर वोट किया और कांग्रेस की जीत हुई.’

उन्होंने साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर लोकतंत्र को कलंकित करने का आरोप लगाया. डोटासरा ने कहा, ‘चुनाव जीतने के लिए आपने जिस तरह लोकतंत्र को कलंकित किया, उसे राजस्थान न कभी भूलेगा, न ही कभी आपको माफ़ करेगा.’

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close