रतलाम में चाइनीज मांझे की चपेट में आए बुजुर्ग, नाक कटी और बाइक डिवाइडर से टकराई

शहर में चाइनीज मांझे की लापरवाही एक बार फिर गंभीर हादसे का कारण बनते-बनते रह गई। कस्तूरबा नगर क्षेत्र में बाइक से जा रहे एक बुजुर्ग चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। समय रहते सूझबूझ दिखाने से उनकी जान बच गई, लेकिन चेहरे और हाथ पर गहरे घाव आ गए।
जानकारी के अनुसार नेमीनाथ विहार निवासी 60 वर्षीय इंदर शर्मा राम मंदिर क्षेत्र से कस्तूरबा नगर मेन रोड होते हुए अपनी फर्नीचर की दुकान जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में आकर फंस गया।
मांझा गले में फंसते ही उन्होंने तुरंत अपने हाथ से डोर को पकड़कर हटाने का प्रयास किया। इस दौरान मांझे की रगड़ से उनके अंगूठे, नाक, गाल और आंख के नीचे गंभीर चोटें आईं। नाक और आंख के नीचे करीब दो सेंटीमीटर गहरे घाव हो गए।
घटना के दौरान संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वे सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद राहगीरों और परिचितों ने तुरंत उन्हें 80 फीट रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
चिकित्सकों ने घावों पर चार से पांच टांके लगाए हैं। घायल बुजुर्ग ने बताया कि यदि समय रहते मांझा नहीं हटाया जाता, तो गला कटने से बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।











