रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य उद्घाटन कल, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर में पुरखौती मुक्तांगन परिसर में 23 जनवरी से तीन दिनों तक साहित्य उत्सव का आयोजन होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश करेंगे और अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा, महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा की कुलपति डॉ. कुमुद शर्मा और अभिनेता मनोज जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

साहित्य महोत्सव में राज्य और देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, पत्रकार और कवि हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय पुस्तक मेला, इंगेजमेंट जोन, ओपन टैलेंट मंच, पेंटिंग कार्यशाला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ फूड जोन की भी व्यवस्था की गई है। मुख्य मंडप विनोद कुमार शुक्ल की स्मृति में तैयार किया गया है, जबकि अन्य मंडपों में साहित्यिक परिचर्चा और गोष्ठियों का आयोजन होगा।

पहले दिन विभिन्न सत्रों में समकालीन महिला लेखन, डिजिटल साहित्य, कविता की नई चाल, जनजाति विमर्श और पुरातत्व पर चर्चा होगी। सांस्कृतिक संध्या में मनोज जोशी का नाटक चाणक्य प्रस्तुत किया जाएगा। अगले दो दिनों में साहित्य, मीडिया, फिल्म, कला और भारतीय ज्ञान परंपरा सहित विविध विषयों पर सत्र और परिचर्चाएं आयोजित होंगी।