मिर्जापुर धर्मांतरण केस का मुख्य आरोपी इमरान दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, संपत्तियों का हुआ खुलासा

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर धर्मांतरण मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इमरान विदेश भागने की फिराक में था और उसके खिलाफ पहले ही लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी से पूरे मामले में नया मोड़ आया है और जांच और तेज कर दी गई है।
पुलिस ने इमरान की संपत्तियों का भी खुलासा किया है। मिर्जापुर में पीएससी दफ्तर के पास स्थित बिलकिश विला नामक आलीशान मकान उसके नाम पर पाया गया है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस मकान में फिलहाल ताला लगा हुआ है और घर में रहने वाले लोग फरार हैं।
मिर्जापुर धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग मामले में आरोपी इमरान और अफसाक उर्फ लकी दोनों भाई हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि इमरान बार-बार मलेशिया और दुबई जाता था और विदेश से फंडिंग प्राप्त करता था।
पुलिस का अनुमान है कि इमरान दुबई में अवैध धर्मांतरण से जुड़े लोगों के संपर्क में भी था। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है और आरोपी के नेटवर्क और संपत्तियों की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।











