चीन से नजदीकी पर ट्रंप का कनाडा को अल्टीमेटम, 100 फीसदी टैरिफ की दी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के साथ बढ़ती नजदीकी को लेकर कनाडा को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि कनाडा चीन के साथ गहरे आर्थिक संबंध बनाता है, तो इससे उसका व्यापार, सामाजिक ढांचा और जीवनशैली गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी उत्पादों पर 100 फीसदी टैरिफ लगा देगा।
ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यदि कनाडा खुद को चीन के लिए एक ट्रांजिट पोर्ट के रूप में इस्तेमाल होने देता है, तो यह उसके लिए बड़ी भूल होगी। उन्होंने दावा किया कि चीन धीरे-धीरे कनाडा को पूरी तरह अपने प्रभाव में ले लेगा और उसका स्वतंत्र आर्थिक ढांचा समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि चीन के साथ किसी भी तरह का समझौता करने की स्थिति में अमेरिका तुरंत कड़ा कदम उठाएगा। ट्रंप के अनुसार, इससे कनाडा के कारोबार, सामाजिक ताने-बाने और नागरिकों के जीवन पर गहरा असर पड़ेगा।
कनाडा सरकार की ओर से फिलहाल ट्रंप की धमकी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। हाल ही में कनाडा ने चीन के साथ एक सैद्धांतिक व्यापार समझौते पर सहमति जताई थी, जिसके तहत कृषि उत्पादों पर शुल्क कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैरिफ में ढील देने की बात सामने आई थी।
ट्रंप ने कनाडा पर यह आरोप भी लगाया कि वह चीन के साथ व्यापार को प्राथमिकता दे रहा है, जबकि अमेरिका की सुरक्षा योजनाओं का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि कनाडा ने प्रस्तावित मिसाइल रक्षा प्रणाली का विरोध किया, जबकि वह उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी है।
कार्नी की बीजिंग यात्रा के बाद ट्रंप की नाराजगी और बढ़ गई। इस यात्रा के दौरान चीन के साथ आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी। चीन, अमेरिका के बाद कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, जिससे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से अमेरिका और कनाडा के रिश्तों में लगातार तनाव देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच टैरिफ, व्यापार और कूटनीतिक मुद्दों को लेकर मतभेद बढ़े हैं। हाल के घटनाक्रमों से साफ है कि आने वाले समय में दोनों देशों के संबंधों में और खटास आ सकती है।











