राजस्थान के इस जिले में चला पुलिस का विशेष अभियान, होटल-ढाबों में दबिश; संदिग्धों पर कसा शिकंजा

डीडवाना-कुचामन: पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कुचामन पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश दिया. इस दौरान हाईवे पर होटल-ढाबों की गहन जांच, नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग और सोशल मीडिया पर अपराधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई.

यह अभियान पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी कुचामन मुकेश चौधरी के सुपरविजन में तथा थानााधिकारी कुचामन सिटी सतपाल सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया.

होटल-ढाबा जांच अभियान

कुचामन सिटी थाना क्षेत्र में हाईवे पर स्थित 44 होटल-ढाबों की सघन जांच की गई. इस दौरान होटल कर्मचारियों, संचालकों और ठहरने वाले व्यक्तियों का सत्यापन किया गया. जांच में 7 संदिग्ध व्यक्ति सामने आए, जिनके विरुद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को ठहराना अब सीधे कार्रवाई को आमंत्रण होगा.

नाकाबंदी अभियान: 200 चालान, 10 वाहन डिटेन

23 और 24 जनवरी 2026 को दो दिन तक चले नाकाबंदी अभियान में तेज गति से वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी और अन्य उल्लंघनों पर सख्ती बरती गई. इस दौरान 200 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान बनाए गए, जबकि 10 वाहनों को डिटेन किया गया. पुलिस का उद्देश्य बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.

सोशल मीडिया पर अपराधियों के फॉलोअर्स पर कार्रवाई

कुचामन पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराधियों को फॉलो करने और उन्हें बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी अभियान तेज किया. इस कड़ी में 6 व्यक्तियों के विरुद्ध इंसदादी कार्रवाई की गई. पुलिस ने साफ किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपराध को महिमामंडित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

अभियान लगातार जारी रहेंगे- विमल सिंह

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने कहा कि कुचामन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है. होटल-ढाबा जांच से संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, नाकाबंदी अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और सोशल मीडिया पर अपराध को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई से युवाओं को गलत दिशा में जाने से रोका जा सकेगा. आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com