सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने वंदे भारत ट्रेन में कर्मचारियों के शोषण का उठाया मुद्दा…

सहारनपुर: सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा के दौरान रेलवे में बढ़ते निजीकरण और उससे जुड़े कर्मचारियों के उत्पीड़न का गंभीर मुद्दा उठाया है.
यात्रा के दौरान उन्होंने ट्रेन में कार्यरत क्लीनिंग और कैटरिंग स्टाफ से बातचीत की, जिसमें कर्मचारियों ने अपनी व्यथा साझा की। बातचीत में सामने आया कि प्राइवेट ठेकेदारों के अधीन काम करने वाले कर्मचारियों से महज 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर 18-18 घंटे तक काम कराया जा रहा है.

इमरान मसूद ने कर्मचारियों की बात को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा शुरू की और इस पूरे मामले को सीधे संसद और रेल मंत्री तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कर्मचारियों को सलाह दी कि वे अपनी समस्याओं को लिखित रूप में प्रस्तुत करें ताकि नियम 377 के तहत लोकसभा में इस विषय को उठाया जा सके। नियम 377 के अंतर्गत सांसद अपने क्षेत्र और आम जनता से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंत्रालय के संज्ञान में ला सकते हैं.
सांसद इमरान मसूद ने रेलवे में निजीकरण के जरिए हो रहे शोषण पर सवाल उठाते हुए कहा कि रेलवे इसका भुगतान कर रहा है, ठेकेदार मुनाफा कमा रहे हैं और इसमें सबसे ज्यादा नुकसान गरीब कर्मचारी को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस विषय पर लोकसभा में सवाल तैयार करने के निर्देश भी दिए.
इसके साथ ही इमरान मसूद ने कहा कि यदि वंदे भारत ट्रेन का संचालन सही तरीके से किया जाए तो उसकी यात्रा अवधि में लगभग दो घंटे की कटौती संभव है.
उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए कि इस मुद्दे पर रेल मंत्री से मुलाकात के लिए 28 फरवरी का समय लिया जाए। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.











