ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े से बाहर, महामंडलेश्वरों पर दिया बयान पड़ा भारी

पूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री और साध्वी ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े से बाहर कर दिया गया है। ममता कुलकर्णी पिछले साल जनवरी में किन्नर अखाड़े में शामिल हुई थीं और संन्यास लेने के बाद अपना नाम महामंडलेश्वर स्वामी जय अंबानंद गिरी रख लिया था।
अखाड़े की प्रमुख महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब ममता कुलकर्णी अखाड़े की सदस्य नहीं रही हैं और उनका अखाड़े से कोई संबंध नहीं है।
ममता कुलकर्णी ने हाल ही में 10 में से 9 महामंडलेश्वर और तथाकथित शंकराचार्यों को झूठा बताते हुए कहा था कि उनके पास ज्ञान का अभाव है। उन्होंने शंकराचार्यों पर सीधे निशाना साधते हुए कहा था कि उनके लिए अहंकार सबसे पहले आता है और इसे त्यागना चाहिए। ममता ने यह भी कहा था कि कुछ लोग बीजेपी को लेकर गलत सोच रखते हैं, जो उनकी भूल है।
इन बयानों के दो दिन बाद ही अखाड़े ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया। ममता कुलकर्णी ने प्रयागराज महाकुंभ के दौरान संन्यास लिया था और तब से किन्नर अखाड़े से दीक्षा ली थी।











