स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर से बाइक सवार रोजगार सेवक की मौत, दो युवक गंभीर घायल

जसवंतनगर (इटावा): थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर के बस स्टैंड चौराहे के पास पुल के नीचे सर्विस रोड पर शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.
एक मैरिज होम के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक पर सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद 35 वर्षीय लक्ष्मी नारायण पुत्र जगदीश कुमार, निवासी ग्राम नगला विशुन थाना बलरई को मृत घोषित कर दिया.मृतक ग्राम पंचायत में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत था.
हादसे में बाइक चला रहे 40 वर्षीय धीरेंद्र पुत्र लाखन सिंह, निवासी थाना सिविल लाइन इटावा, जो जसवंतनगर में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, तथा 33 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र हरिज्ञान, निवासी नगला विशुन थाना बलरई, जो ब्लॉक में मजदूरी का कार्य करता है, गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है.
बताया गया है कि तीनों युवक बस स्टैंड चौराहे पर ऑटो लेने जा रहे थे, जिससे वे अपने गांव नगला विशुन वापस लौट सकें. इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी.
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.











