औरंगाबाद: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लापता चार लड़कियां हरियाणा के गुरुग्राम से सकुशल बरामद

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
औरंगाबाद: देव थाना क्षेत्र के तिलौता बिगहा से लापता हुई चारों लड़कियों को पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से सकुशल बरामद कर लिया है. देव पुलिस की विशेष टीम सभी लड़कियों को लेकर गया वापस लौट आई है.
इस पूरे मामले का खुलासा मदनपुर एसडीपीओ चंदन कुमार ने प्रेसवार्ता के माध्यम से किया. उन्होंने बताया कि चारों लड़कियां एक-दूसरे को पहले से जानती थीं और एक ही गांव की रहने वाली हैं. इनमें से तीन लड़कियों के बीच लंबे समय से गहरा संबंध था, जबकि शेष एक उनकी सहेलियां थीं, जो दोस्ती निभाने के लिए उनके साथ घूमने-फिरने घर से निकल गईं.
मामले में 20 जनवरी को तिलौता बिगहा निवासी रविन्द्र यादव ने अपनी पुत्री रूनी कुमारी की लापता के संबंध में आवेदन दिया है। रविन्द्र के अनुसार उनकी पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है. प्राप्त आसूचना के आधार पर उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है कि गांव के ही कोमल कुमारी, स्वीटी कुमारी और कशिश कुमारी नामक तीन लड़कियों ने उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के द्वारा मदनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार के नेतृत्व में लापता चारों लड़कियों की बरामदगी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया था. गठित विशेष टीम के द्वारा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण, आसूचना संकलन एवं लगातार प्रयास के उपरांत 29 जनवरी को हरियाणा के गुरुग्राम जिलान्तर्गत उद्योग विहार थाना क्षेत्र से लापता चारों लड़कियों को सकुशल बरामद किया गया. पूछताछ के क्रम में बरामद चारों लड़कियों के द्वारा बताया गया कि हमलोग घर में बिना बताये घूमने-फिरने चले गये थे. बरामद चारों लड़कियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया जा रहा है. अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है.










