ड्रोन की नजर में नशाखोर: बिलासपुर में 15 नशेड़ियों से उठक-बैठक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशाखोरी, अड्डेबाजी और जेबकतरी की घटनाओं पर नजर रखने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। मंगलवार रात पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन उड़ाकर संदिग्ध स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की।

इस दौरान ड्रोन के जरिए संदिग्ध स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग कर देर रात घूमने और नशा करने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने 15 लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक कराई। कई युवकों से पूछताछ की गई, फिर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

साइंस कॉलेज मेले में ट्रैफिक व्यवस्था पर ड्रोन से नजर

सरकंडा क्षेत्र के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे व्यापार मेले में भीड़ और यातायात व्यवस्था पर निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग किया गया। मेले के प्रवेश और निकास मार्गों पर ड्रोन के जरिए ट्रैफिक की निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सिविल लाइन क्षेत्र में नाबालिग चाकू के साथ पकड़ा गया

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला, धुरीपारा सहित अन्य इलाकों में ड्रोन से निगरानी की गई। मंगला क्षेत्र में एक नाबालिग चाकू के साथ मिला। इस इलाके में पुलिस ने 5 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन इनपुट के आधार पर कार्रवाई

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि सिरगिट्टी क्षेत्र में ड्रोन से मिली लोकेशन और लाइव इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान नशाखोरी और अड्डेबाजी में शामिल 15 लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई

लोकेशन चिन्हित कर छापेमारी, बदमाशों को भागने का मौका नहीं

सीएसपी ने बताया कि शहर के कई क्षेत्रों में देर रात नशाखोरी और अड्डेबाजी करने वालों की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही बदमाश फरार हो जाते थे। इसी वजह से इस बार पहले संदिग्ध स्थानों को चिन्हित किया गया। ड्रोन से लोकेशन लेकर पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी। इस कार्रवाई में बदमाशों को भागने का मौका नहीं मिला।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com