जयपुर में ज्योति विद्यापीठ विश्वविद्यालय की छात्राओं का हंगामा, फीस बढ़ोतरी और अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन

जयपुर स्थित ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय में छात्राओं ने घटिया भोजन, दूषित पेयजल और अचानक बढ़ाई गई फीस के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से नाराज छात्राओं का गुस्सा शनिवार को खुलकर सामने आ गया। सैकड़ों छात्राएं परिसर में एकत्र हुईं और नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में मिलने वाला खाना बेहद खराब गुणवत्ता का है और पीने का पानी भी दूषित है, जिससे कई छात्राएं बीमार हो चुकी हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने समस्याओं का समाधान नहीं किया। इसी बीच फीस में बढ़ोतरी किए जाने से छात्राओं में असंतोष और बढ़ गया।

स्थिति बिगड़ते देख विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परिसर के गेट बंद कर दिए, जिससे तनाव और बढ़ गया। इससे नाराज छात्राओं ने परिसर के भीतर तोड़फोड़ की। इस दौरान कुछ स्थानों पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए परिसर में बल तैनात किया गया। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और समस्याओं के समाधान की मांग की है। छात्राओं का कहना है कि जब तक उनकी मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस पूरे मामले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। छात्राएं अब पारदर्शी जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रही हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com