रायपुर पश्चिम विधानसभा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 100 बिस्तर के अस्पताल समेत 3.16 करोड़ की योजनाएं घोषित

रायपुर जिले के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आने वाले समय में बेहतर स्वास्थ्य और सड़क सुविधाएं मिलने जा रही हैं। क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत ने 3 करोड़ 16 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है, जिससे बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।

योजनाओं के तहत पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 100 बिस्तर का सरकारी अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और प्रशासनिक प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए खमतराई, ठक्कर बापा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी और तिलक नगर वार्ड में 2.34 करोड़ रुपए की लागत से डामरीकरण और कंक्रीटीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन कार्यों से धूल, कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में 38.45 लाख रुपए की लागत से बने तीन ओपीडी कक्ष और दवा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया। इससे क्षेत्रवासियों को प्राथमिक इलाज की सुविधा पास में ही उपलब्ध होगी।

महिला और बाल विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र ‘महतारी सदन’ का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा वीर शिवाजी वार्ड स्थित स्कूल में 25 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त कक्ष बनाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नाली और सफाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जल्द सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com