विजय शाह मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, अगली तारीख अभी तय नहीं

मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई अशालीन टिप्पणी के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। केस का नंबर आने से पहले ही न्यायालय का समय समाप्त हो गया, जिससे मामले पर कोई सुनवाई नहीं हो पाई।

पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को अभियोजन की स्वीकृति पर निर्णय लेने के लिए 15 दिन का समय दिया था। यह अवधि अब पूरी हो चुकी है, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

सरकार ने विशेष जांच दल की रिपोर्ट का अध्ययन करने के लिए अतिरिक्त समय मांगते हुए आवेदन किया है। सुनवाई से एक दिन पहले मंत्री विजय शाह ने वीडियो जारी कर चौथी बार माफी भी मांगी थी।

माना जा रहा था कि सोमवार को न्यायालय इस मामले में कोई दिशा-निर्देश जारी कर सकता है, लेकिन सुनवाई न होने के कारण यह संभव नहीं हो सका। अब अगली सुनवाई की तारीख तय नहीं की गई है।

विशेष जांच दल अपनी तीसरी और अंतिम स्टेटस रिपोर्ट पहले ही सुप्रीम कोर्ट में पेश कर चुका है। जांच के दौरान मंत्री विजय शाह और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए गए थे। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की गई थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com