बिलासपुर में सड़क हादसे में तहसीलदार के बेटे की मौत, सुबह घूमने निकला था छात्र

बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तहसीलदार के बेटे की जान चली गई। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय छात्र की बाइक को तेज रफ्तार भारी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव जिले के छुरिया निवासी तहसीलदार हनुमंत सिंह श्याम वर्तमान में बलोद जिले में पदस्थ हैं। उनके बेटे मणिंद्र भूषण सिंह श्याम सकरी के रामा लाइफ सिटी में किराए के मकान में रहकर पीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।

मंगलवार सुबह करीब चार बजे मणिंद्र बाइक लेकर घूमने निकले थे। कलेक्टोरेट रोड पर जिला न्यायालय के सामने पहुंचते ही एक भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

हादसे के बाद छात्र की पहचान करना मुश्किल हो गया था, क्योंकि उसका मोबाइल फोन लॉक था। मौजूद लोगों ने फिंगरप्रिंट की मदद से मोबाइल अनलॉक कर कॉल लॉग में मिले नंबरों पर संपर्क किया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी जा सकी।

सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक जांच में छात्र के सिर पर गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है, जिसे मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना के समय सड़क पर आवाजाही कम होने के कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन चालक का पता लगाया जा सके। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

close