राहा संग दोस्ती जैसे रिश्ते की बात पर रणबीर ने ऋषि कपूर से दूरी को किया याद, कहा- मैं उसे पंख देना चाहता हूं

बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो से लेकर इंटेंस किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाने वाले रणबीर कपूर इन दिनों किसी फिल्म नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. इसकी वजह उनका हाल ही में अपनी बेटी राहा के लिए दिया गया एक बयान है. इसमें उन्होंने अपने दिवंगत पिता ऋषि कपूर के साथ अपने रिश्ते और बेटी राहा के साथ बनने वाले अपने नए रिश्ते को लेकर दिल खोलकर बात की. चमक-दमक और स्टारडम के बीच पले-बढ़े रणबीर ने स्वीकार किया कि उनके और उनके पिता के बीच एक अनकही दूरी थी.

रणबीर कपूर अपनी एक्टिंग के चलते काफी लोगों का दिल जीत चुके हैं, प्रोफेशनल लाइफ के साथ उनकी पर्सनल लाइफ उस वक्त और चर्चा में आई, जब वो पिता बने. नवंबर 2022 में राहा के जन्म के बाद उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव आया. उन्होंने राहा के साथ अपने रिश्ते को लेकर और परवरिश पर बात की है. उन्होंने बताया है कि वो राहा के दोस्त बनकर रहना चाहते हैं न कि वैसा बॉन्ड जो उनका उनके पिता के साथ हुआ करता था.

‘दोस्ती जैसा रिश्ता नहीं था’

एक्टर ने बताया कि उनके लिए पिता बनना एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक इमोशनल सफर रहा है. रणबीर मानते हैं कि समय बदल चुका है और अब माता-पिता को बच्चों के साथ बातचीत, समझ और दोस्ती पर बेस्ड रिश्ता बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मेरे पिता के साथ मेरे रिश्ते में थोड़ी दूरी थी और वो दोस्ती जैसा रिश्ता नहीं था, उस पीढ़ी के लोग ऐसे ही थे. लेकिन रणबीर अपनी बेटी के साथ अपने रिश्ते को बहुत मजबूत रखना चाहते हैं.

‘दीवार को तोड़ना चाहता हूं’

रणबीर ने कहा, ‘मैं अपने बच्चे के साथ उस कांच की दीवार को तोड़ना चाहता हूं, मैं उसका दोस्त बनना चाहता हूं और उसे वो पंख देना चाहता हूं जिससे वो जिस भी दिशा में जाना चाहे उड़ सके.’ ऋषि कपूर के बारे में बात की जाए, तो ल्यूकेमिया से लगभग दो साल लड़ने के बाद उन्होंने अप्रैल 2020 में दुनिया को अलविदा कह दिया था. शो में बातचीत के दौरान पिता-बेटे की इस जोड़ी ने कई लोगों का दिल जीता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com