
Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
डूंगरपुर: जिले में प्राकृतिक संपदा के दोहन और अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने कमर कस ली है. जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन पृथ्वी के तहत बुधवार को सागवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अवैध बजरी से भरे दो ट्रोले जब्त कर उनके चालकों को हिरासत में लिया है.
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने जिले में प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने वाले और पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे. इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सांखला और वृत्ताधिकारी सागवाड़ा रूपसिंह के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी मनीष खोईवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बुधवार को सागवाड़ा शहर में प्रभावी नाकाबंदी की थी. इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे दो ट्रोलो को रुकवाकर तलाशी ली गई. जांच में पाया गया कि इन ट्रोलों में क्षमता से अधिक बजरी भरी हुई थी और उनके पास वैध बिल्टी (दस्तावेज) भी मौजूद नहीं थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रोले को जब्त कर लिया.
खनन विभाग को दी सूचना
पुलिस ने दोनों ट्रोला चालकों को डिटेन कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है. इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में हेड कांस्टेबल मयदीप सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र और कांस्टेबल जीवराज शामिल रहे. पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.











