यूपी में दिल दहला देने वाली घटना, मासूम बच्ची को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला…

उत्तर प्रदेश: नगर पंचायत धानेपुर में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. वार्ड नंबर पांच कल्याण नगर के मुहल्ला टहलुवन पुरवा में शौच के लिए बाहर गई छह वर्षीय मासूम को आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला. घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

कल्याण नगर के मुहल्ला टहलुवन पुरवा के रहने वाले विशुनलाल की छह वर्षीय बेटी महक अपनी छोटी बहन मुस्कान (4 वर्ष) व गांव की दो अन्य बच्चियों के साथ गांव के पूरब दिशा में खुले में शौच के लिए गई थी. इसी दौरान अचानक दो आवारा कुत्ते वहां पहुंच गए और बच्चियों पर हमला कर दिया. कुत्तों ने महक को बुरी तरह से नोच डाला. गले के पास गंभीर काटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी.

बताया जाता है कि गांव में आए एक रिश्तेदार युवक ने ईंट उठाकर कुत्तों को दौड़ाया और किसी तरह बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया. सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में बच्ची को सीएचसी मुजेहना ले जाया गया। वहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. परिजन बच्ची को लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शव घर पहुंचते ही गांव में मातम छा गया. बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे.

नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि रक्षाराम वर्मा ने मौके पर पहुंचकर गहरा दुःख व्यक्त किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया. सभासद पवन प्रकाश तिवारी सहित अन्य लोगों ने भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. घटना ने नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा कुत्तों के आतंक और खुले में शौच की मजबूरी जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर तत्काल नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

close