भोपाल-खजुराहो महामना और रानी कमलापति-आधारताल एक्सप्रेस में आधुनिक एलएचबी कोच शुरू, यात्रियों को मिलेगा अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेल ने बड़ा फैसला लिया है। गाड़ी संख्या 22163/22164 भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस और 22187/22188 रानी कमलापति रेलवे स्टेशन-आधारताल एक्सप्रेस में पारंपरिक आईसीएफ कोचों की जगह अब आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जा रहे हैं।

भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस में एलएचबी कोचों के साथ संचालन शुरू हो चुका है, जबकि रानी कमलापति-आधारताल एक्सप्रेस में 16 फरवरी से एलएचबी रैक के साथ ट्रेन चलेगी। एलएचबी कोच पुराने आईसीएफ कोचों की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और तेज गति के अनुकूल माने जाते हैं। इन कोचों में झटके कम लगते हैं और दुर्घटना की स्थिति में एंटी-टेलिस्कोपिक डिजाइन यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद करता है।

नई कोच संरचना के अनुसार दोनों ट्रेनों में दो एसी चेयरकार, दो थर्ड एसी, नौ द्वितीय श्रेणी, छह सामान्य श्रेणी, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर कार सहित कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले कोच संरचना और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और यात्रा सुगम बन सके।

close