महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब: भूतेश्वरनाथ से हटकेश्वरनाथ तक लंबी कतारें, सीएम ने की विशेष पूजा

छत्तीसगढ़ में महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त तड़के 4 बजे से ही भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का अर्धनारीश्वर स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
गरियाबंद जिले के राजिम स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर में भी दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। राजिम कुंभ कल्प के दौरान श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया और भगवान कुलेश्वरनाथ के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंचे।
राजनांदगांव, जगदलपुर, बिलासपुर और सरगुजा सहित कई जिलों में मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरगुजा के देवगढ़ में अर्धनारीश्वर शिवलिंग की पूजा की गई, जबकि जगदलपुर के प्राचीन शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
दुर्ग जिले के भिलाई में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी, जिसमें राम, रावण, विभीषण, किन्नर और भूत-पिशाचों की झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
प्रदेशभर के शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर विशेष सुरक्षा और व्यवस्था की गई है। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना, भंडारा और धार्मिक कार्यक्रम जारी रहेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।









