उत्तर प्रदेश: बलिया में हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस की गिरफ्त में आया वांछित ‘प्रिंस’, वायरल हुआ गिरफ्तारी का वीडियो

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया शहर के कुंवर सिंह चौराहे पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवक आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते बीच सड़क पर जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे राहगीरों में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची शहर कोतवाली पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी मारपीट में शामिल एक युवक को जबरन पकड़कर पुलिस की गाड़ी में बैठाते नजर आ रहे हैं. युवक के विरोध के बावजूद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. मारपीट की वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल थे, इसकी शिनाख्त की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस हिरासत में युवक का सच आया सामने
वायरल वीडियो में पुलिस जिस युवक को जबरिया गाड़ी में बैठा रही है उसका नाम आयुष यादव उर्फ प्रिंस है, जानकारी के मुताबिक आयुष यादव उर्फ प्रिंस, आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था. बीते जनवरी माह में भी अभियुक्त प्रिंस और उसके साथी लख्खू यादव समेत दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों पर मारपीट के मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है.











