बैंक कर्मचारी को सायबर ठगों ने लगाया लाखों का चूना…

बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में साइबर ठगों ने आईडीएफसी बैंक के एक कर्मी को अपना शिकार बना लिया। लोन डिपार्टमेंट में पदस्थ कर्मी के खाते से लंच ब्रेक के दौरान मात्र 20 मिनट में 2 लाख रुपए पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के पास संबंधित बैंक का क्रेडिट कार्ड तक नहीं था, फिर भी राशि क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के नाम पर कट गई।
अशोकनगर खमतराई निवासी प्रार्थी राजाराम साहू के अनुसार, 14 जनवरी को उनके दोस्त कामता प्रसाद कश्यप ने अपना लोन क्लोज करने इंडसइंड बैंक खाते में 2 लाख रुपए कैश ट्रांसफर किए थे। उस समय राजाराम लंच पर थे। करीब 20 मिनट बाद शाम 4:36 बजे जब उन्होंने लोन की प्रक्रिया पूरी करने मोबाइल पे चेक किया, तो खाते से 1,98,000 रुपए किसी ने क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट में ट्रांसफर कर दिए। इसके तुरंत बाद आकाश कुमार नामक व्यक्ति के खाते में 2,000 रुपए डेबिट हुए। राजाराम ने कभी भी क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया, फिर यह ट्रांजेक्शन कैसे हुआ, यह उनके लिए समझ से बाहर है। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने साइबर सेल से तकनीकी प्रतिवेदन मांगा है और संबंधित खातों को होल्ड करने के लिए रिक्वेस्ट भेज दी है। प्राथमिक जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस अब उस क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते की पूरी जानकारी जुटा रही है।











