बिहार: सुपौल नगर परिषद का बजट पेश, शहर में बनेगा क्लॉक टावर व मल्टी स्टोरेज पार्किंग

सुपौल: सुपौल नगर परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 153 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पेश किया. बजट सत्र की अध्यक्षता मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा एवं उप मुख्य पार्षद रजिया प्रवीण ने की.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे. बैठक के दौरान पिछले वित्तीय वर्ष के व्यय, आगामी अनुमानित आय और विकास मदों पर खर्च का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया गया.
परिषद ने स्पष्ट किया कि बजट का बड़ा हिस्सा केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान तथा आंतरिक संसाधनों पर आधारित है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल अनुमानित बजट 153 करोड़ रुपये रखा गया है. इसमें लगभग 20 करोड़ रुपये ओपनिंग बैलेंस, 48.46 करोड़ रुपये टोटल रेवेन्यू और 91.41 करोड़ रुपये कैपिटल रिसिप्ट का अनुमान है. शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए नाली-गली निर्माण पर सर्वाधिक 35 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं.
आपको बता दें इसके अलावा शहर में आकर्षक क्लॉक टावर के निर्माण के लिए 50 लाख, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए 2 करोड़ और मल्टी लेवल पार्किंग के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. स्ट्रीट लाइट पर 5 करोड़, कचरा प्रबंधन पर 3.87 करोड़ तथा कार्यालय वेतन व अन्य प्रशासनिक खर्चों के लिए 7.79 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं. परिषद की अनुमानित आय में होल्डिंग टैक्स से 3.44 करोड़, स्टाम्प ड्यूटी से 6.60 करोड़ तथा केंद्र व राज्य सरकार से लगभग 124 करोड़ रुपये की सहायता शामिल है.
मुख्य पार्षद ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप ही योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा. बजट में शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था में सुधार और यातायात सुविधा बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया है. परिषद ने विश्वास जताया कि सरकारी सहयोग और आंतरिक आय में वृद्धि से विकास कार्यों को गति मिलेगी.











