राजस्थान: नावां में बीच बाजार दुकानदार पर जानलेवा हमला, दुकान में तोड़फोड़ कर नकदी ले जाने का आरोप

राजस्थान: डीडवाना – कुचामन जिले के नावां कस्बे के मुख्य बाजार में रविवार को एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला करने और दुकान में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित दुकानदार की रिपोर्ट पर नावां शहर थाने में तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार वार्ड संख्या 20 निवासी भीवाराम कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पंजाब नेशनल बैंक के पास जगदम्बा इलेक्ट्रॉनिक नाम से टीवी, रेडियो और एलईडी रिपेयरिंग की दुकान चलाता है.
पीड़ित का आरोप है कि 15 मार्च की सुबह जब वह दुकान के अंदर काम कर रहा था, तभी राजेश पुत्र आसकरण, उसकी पत्नी दुर्गा देवी निवासी नावां तथा अलमुद्दीन पुत्र हबीब लिलगर निवासी पिपली बाजार नावां कथित रूप से हथियार लेकर उसकी दुकान में घुस आए.
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने दुकान में घुसते ही उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि राजेश ने स्टील की रॉड से और अलमुद्दीन ने धारदार गुप्ती से हमला किया, जबकि दुर्गा देवी ने भी रॉड से मारपीट की। हमले में दुकानदार के सिर, आंख के पास और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा.
पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावर उसे दुकान से बाहर घसीट कर ले गए और जमीन पर गिराकर मारपीट करते रहे। इस दौरान दुकान में रखे टीवी, रेडियो, एलईडी, काउंटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को बाहर फेंककर तोड़फोड़ कर दी गई तथा दुकान का शीशे का गेट भी तोड़ दिया गया। टूटे कांच के टुकड़े दुकानदार और दुकान के अंदर फेंक दिए गए, जिससे उसे और चोटें लगीं.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी गिराकर नुकसान पहुंचाया गया और चश्मा तोड़ दिया गया.घटना के दौरान दुकान के गल्ले में रखे करीब 19 से 20 हजार रुपये निकाल कर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़ित के अनुसार इस हमले और तोड़फोड़ से उसे करीब दो से ढाई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पीड़ित को आरोपियों से छुड़ाया. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए हैं। पीड़ित का कहना है कि जमीन और मकान के विवाद की रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया तथा जाते समय आरोपियों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी.
नावां शहर थाना पुलिस ने भीवाराम की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार घायल का मेडिकल करवाया जा चुका है और मामले की जांच उपनिरीक्षक जगराम को सौंपी गई है.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.











