पश्चिम एशिया हालात पर पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत, सुरक्षित शिपिंग और शांति पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से फोन पर बातचीत कर उन्हें ईद और नवरोज की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की निंदा की और कहा कि ऐसे घटनाक्रम क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं तथा वैश्विक सप्लाई चेन को प्रभावित करते हैं। उन्होंने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।

पीएम मोदी ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए वहां की सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि त्योहारों का यह समय पूरे पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आएगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवरोज के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की थी। नवरोज को नए साल की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है, जो विशेष रूप से ईरानी और पारसी समुदाय के लिए महत्वपूर्ण होता है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं से लगातार बातचीत कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बहरीन के शासक से भी चर्चा कर क्षेत्रीय हालात, ऊर्जा सुरक्षा और समुद्री मार्गों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com