कुरुद में ‘स्मार्ट’ क्रांति: लाइब्रेरी और वन कार्यालय का भव्य शुभारंभ, बदलेगी तस्वीर!

कुरुद : नगर के विकास की गाथा में रविवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया. वीर सावरकर संकुल (डिपो गार्डन) परिसर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के करकमलों से सहायक वन संरक्षक (एसडीओ) अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय तथा स्व. डॉ. खेतराम चंद्राकर स्मृति ‘स्मार्ट लाइब्रेरी’ का विधिवत शुभारंभ हुआ. यह अवसर कुरुद को आधुनिकता और ज्ञान के नए युग में प्रवेश कराने वाला एक मील का पत्थर सिद्ध हुआ.
ज्ञान की आधुनिक कार्यशाला.
मंच से अपने ओजस्वी उद्बोधन में विधायक चंद्राकर ने कहा कि “पुस्तकालय केवल भौतिक भवन नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की जीवंत कार्यशाला होते हैं.” उन्होंने नवस्थापित स्मार्ट लाइब्रेरी को युवाओं के लिए एक सशक्त वैचारिक मंच बताते हुए कहा कि इसे डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्मित किया गया है. यहाँ विद्यार्थी ई-लर्निंग संसाधनों और शांत परिवेश में अपने सपनों को नव-आकार दे सकेंगे. उनका ध्येय हर युवा तक आधुनिक शिक्षा और डिजिटल सुविधाएं पहुँचाना है, ताकि वे क्षेत्र और प्रदेश का गौरव बढ़ा सकें.

सुशासन और प्रकृति संरक्षश्द्
चंद्राकर ने प्रशासन के विकेंद्रीकरण को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि कुरुद में विभिन्न विभागीय सब-डिवीजन कार्यालयों की स्थापना इसी दूरगामी सोच का प्रतिफल है. इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी. प्रकृति संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि हवा और पानी जीवन का मूल आधार हैं, जिसमें नवनिर्मित वन कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. आगामी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने नए सब-विद्युत स्टेशन और उन्नत दुग्ध संग्रहण केंद्र जैसे कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदलने का संकल्प दोहराया.
गरिमामयी उपस्थिति.
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, भखारा नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, सभापति सिंधु बैस और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रविकांत चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे. कार्यक्रम में डीएफओ कृष्ण कुमार जाधव ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि नवनियुक्त एसडीओ तरुण तिवारी ने आभार व्यक्त किया. मंच संचालन बीआरसी कुलेश्वर सिन्हा ने किया.









