औरंगाबाद में गैस संकट पर सख्ती: एजेंसियों पर तैनात हुई पुलिस, कालाबाजारी पर लगाम!

औरंगाबाद: एलपीजी की किल्लत, अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण केंद्रों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है.जिला अंतर्गत विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से एलपीजी गैस आपूर्ति एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार जिले में गैस आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है.

विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा औसत दैनिक मांग के अनुरूप गैस की डिलीवरी की जा रही है तथा लंबित बुकिंग का निष्पादन लगातार किया जा रहा है. जिले में कुल 37 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8689 सिलेंडर की मांग के विरुद्ध लगभग 6843 सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने, लंबित बुकिंग का शीघ्र निष्पादन करने तथा वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

साथ ही कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होने देने का भी निर्देश दिया गया है. संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06186-295027 क्रियाशील है, जिस पर आमजन अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

जिले के कुल 37 गैस एजेंसियों में से 06 संवेदनशील गैस एजेंसियों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. नियंत्रण कक्ष में प्राप्त कुल 15 शिकायतों में से 13 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है तथा 02 शिकायतों का निष्पादन प्रक्रियाधीन है. कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम हेतु सतत निगरानी की जा रही है. इस संबंध में औचक निरीक्षण किया जा रहा है तथा अब तक कोई वाद दर्ज नहीं किया गया है. जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित गैस एजेंसी अथवा जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com