बस्तर हेरिटेज मैराथन : 9,800 से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा, ओपन कैटेगरी में विदेशी खिलाड़ियों का रहा दबदबा

जगदलपुर. बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में रविवार को ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन’ का आयोजन किया गया. इस मैराथन की विभिन्न श्रेणियों में 9,800 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया. इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर के बदलते स्वरूप, पर्यटन स्थलों और समृद्ध संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाना रहा. इसमें 200 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी भाग लिया.

प्रतियोगिता की शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से हुई, जबकि 42 किलोमीटर फुल मैराथन का समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के पास किया गया. समापन समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने विजेताओं को सम्मानित किया.

42 किलोमीटर फुल मैराथन के ओपन पुरुष वर्ग में इथियोपिया के Tebeje Kineto Washe ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ओपन महिला वर्ग में इथियोपिया की Meseret विजेता रहीं. ओपन कैटेगरी में विदेशी खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. बस्तर संभाग कैटेगरी के फुल मैराथन पुरुष वर्ग में संजय कोर्राम और महिला वर्ग में कुसुम शार्दूल ने पहला स्थान प्राप्त किया. इसके अलावा 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया.

close