गुरुग्राम में कैब ड्राइवरों की हड़ताल के कारण आज कैब मिलना मुश्किल

23 मार्च यानी आज हरियाणा के गुरुग्राम में ऐप बेस्ड कैब ड्राइवर्स हड़ताल पर रहेंगे. कैब चालकों के हड़ताल पर रहने की वजह से आज आप लोगों को ट्रेवल करने में थोड़ी परेशानी हो सकती है लेकिन क्या आपको पता है कि कैब ड्राइवर्स के हड़ताल पर जाने के पीछे की वजह क्या है? दरअसल, कैब चालक गाड़ी में बैठने वाली सवारी की KYC वेरिफिकेशन की मांग उठा रहे हैं, क्योंकि अब तक कई बार गाड़ी में बैठने वाली सवारी की ओर से ड्राइवर्स पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं.
पैसेंजर्स के लिए भी केवाईसी
21 मार्च को गुरुग्राम के सेक्टर 46 में कैब ड्राइवर्स ने हड़ताल की जानकारी दी थी कि सोमवार यानी आज 23 मार्च को कैब चालक हड़ताल पर रहेंगे. कैब ड्राइवर्स बिना वेरिफिकेशन वाले पैसेंजर्स से होने वाले खतरे की वजह से सेफ्टी को लेकर चितिंत है. कैब चलाने वाले ड्राइवर्स का कहना है कि गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर्स के लिए सख्त केवाईसी को लेकर नियम हैं लेकिन सवारी के लिए ऐसा कोई नियम नहीं है. हमारी सेफ्टी के लिए हमें पैसेंजर्स से सुरक्षा मिलनी चाहिए और पैसेंजर्स की भी केवाईसी होनी चाहिए.
जनवरी में कैब ड्राइवर की हत्या
कैब चालकों का कहना है कि उनकी शिकायत के लिए कोई व्यवस्था नहीं है और उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं है कि वह इस तरह की घटना होने पर कहां शिकायत कर सकते हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि ड्राइवरों ने जनवरी में 25 साल के सूरज सिंह की हत्या का भी ज़िक्र किया, जिसकी सेक्टर 37 से राइड बुक करने वाले यात्रियों ने कथित तौर पर कैब के अंदर गला घोंटकर हत्या कर दी थी. उन्होंने दावा किया कि इन-ऐप इमरजेंसी SOS फीचर अक्सर बेअसर होता है और ऐसे उदाहरण दिए जहां सेफ्टी टूल समय पर मदद देने में नाकाम रहे हैं.









