जबलपुर में दर्दनाक हादसा या लापरवाही? दीवार गिरने से मजदूर की मौत पर उठे सवाल!

जबलपुर : बरगी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद जहां पुलिस इसे दुर्घटना बता रही है, वहीं इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.
जानकारी के अनुसार बरगी बांध स्थित सिंचाई विभाग के पुराने खंडहरनुमा कार्यालय की दीवार तोड़ने के दौरान यह हादसा हुआ.बताया जा रहा है कि दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मजदूर धनीराम झारिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मदद नहीं मिल पाई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बरगी नगर चौकी प्रभारी सरिता पटेल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा दीवार गिरने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। चौकी प्रभारी सरिता पटेल के अनुसार, दीवार धनीराम के ऊपर पूरी तरह नहीं गिरी थी, बल्कि उसके पैर और चेहरे पर चोट आई थी.हादसे के बाद घबराहट के चलते उसकी मौत होने की बात भी सामने आ रही है.
हालांकि, इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं.कांग्रेस के ग्रामीण नगर अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के जर्जर भवन से ईंट निकालने का कार्य भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति नरहर पटेल द्वारा कराया जा रहा था.
उनके अनुसार, मजदूरों से बिना सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ.संजय यादव ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी को बचाने के उद्देश्य से पुलिस और मीडिया को गलत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है.

वहीं ग्रामीणों का भी कहना है कि लंबे समय से खंडहर पड़े इस भवन से ईंट निकालने का काम चल रहा था और इसके लिए मजदूरों को लगाया गया था.आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह दुर्घटना हुई.पुलिस ने इन आरोपों पर कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह भी देखा जाएगा कि घटना के पीछे किसी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि तो नहीं थी.जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
चौकी प्रभारी बरगी नगर सरिता पटेल का कहना है कि दीवार गिरने से एक युवक की मौत हुई है.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.मामले की जांच की जा रही है.फिलहाल, एक मजदूर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या यह महज एक हादसा था या फिर लापरवाही और अवैध गतिविधियों का परिणाम? इस सवाल का जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.









