भिलाई की अनुष्का सोन बनीं मिस इंडिया छत्तीसगढ़:राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी, भुवनेश्वर में होगा ग्रैंड फिनाले

भिलाई की MBBS छात्रा अनुष्का सोन को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण के लिए मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 के रूप में चयनित किया गया है। वे इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रतियोगिता की प्रारंभिक चयन प्रक्रिया कोलकाता में आयोजित हुई, जहां सैकड़ों प्रतिभागियों में से 5 फाइनलिस्ट चुनी गईं। इसके बाद मुंबई में आयोजित अंतिम ऑडिशन में अनुष्का सोन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह खिताब अपने नाम किया।

जजों की मौजूदगी में मिला खिताब

अंतिम चयन के दौरान नताशा ग्रोवर, निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024), गोकुल गणेशन (मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2024), अल्तमास फराज, सचिन कुम्भार, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और संदीप सोपरकर जैसे प्रतिष्ठित निर्णायकों ने अनुष्का को विजेता घोषित किया।

भुवनेश्वर में होगा ग्रैंड फिनाले

देशभर से चयनित प्रतिभागियों को लगभग एक माह का खास प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद भुवनेश्वर में भव्य ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जहां फेमिना मिस इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजेगा।

फेमिना मिस इंडिया का महत्व

फेमिना मिस इंडिया, टाइम्स ग्रुप के प्रमुख ब्रांड फेमिना के अंतर्गत आयोजित एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इस मंच पर प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक समझ का मूल्यांकन किया जाता है।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com