पीथमपुर–धार रेल लाइन पर पहली बार टॉवर वेगन का ट्रायल, 1 घंटे 50 मिनट में पूरा सफर

इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत पीथमपुर से धार के बीच पहली बार टॉवर वेगन चलाकर ट्रैक का सफल परीक्षण किया गया। इस ट्रायल रन को परियोजना की प्रगति की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ट्रायल के दौरान टॉवर वेगन ने करीब 1 घंटे 50 मिनट में पीथमपुर से धार तक का सफर पूरा किया। जैसे ही वेगन धार पहुंची, स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया। लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों में इस परीक्षण से नई उम्मीद जगी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रायल रन 23 से 26 मार्च तक अलग-अलग चरणों में जारी रहेगा। इस दौरान ट्रैक की स्थिरता, सुरक्षा और निर्धारित गति सीमा पर परीक्षण किया जा रहा है।
परियोजना के तहत टीही से धार के बीच कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। कुछ हिस्सों में टनल निर्माण का काम अभी बाकी है, जबकि अन्य स्थानों पर ट्रैक बिछाने और मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है।
ट्रायल के दौरान रेलवे के मुख्य इंजीनियर ने भी मौके पर पहुंचकर ट्रैक का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि जल्द ही इस रूट पर नियमित रेल सेवा शुरू की जा सके।
परियोजना पूरी होने के बाद इंदौर और धार के बीच आवागमन आसान होगा और क्षेत्र में औद्योगिक तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।











