गोलमाल 5 में कितनी देर दिखेंगे अक्षय कुमार? अपने रोल पर किया बड़ा खुलासा

अजय देवगन की पॉपुलर फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ को लेकर लोगों में एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है. इसके पिछले चारों पार्ट ऑडियंस को काफी पंसद आए और अब इसका पांचवां पार्ट आने वाला है. काफी वक्त से ‘गोलमाल 5’ को लेकर चर्चा हो रही है, जिसकी फिलहाल शूटिंग चल रही है. बीते हफ्ते रोहित शेट्टी ने अपनी मच अवेटेड ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग का एक अनाउंसमेंट वीडियो शेयर किया, जो लोगों को काफी पसंद आया. इस वीडियो में सबकी नजरें बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार पर टिक गईं. इस वीडियो को देखकर लगता है कि ‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार एक अलग अवतार में नजर आने वाले हैं. हाल ही में अक्षय कुमार ने ‘गोलमाल 5’ में अपने किरदार को लेकर बात की और इस फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की.
रोहित शेट्टी ने मोस्ट अवेटेड ‘गोलमाल’ के पांचवें पार्ट में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े के साथ अब शरमन जोशी भी जुड़ गए हैं. लेकिन असली सरप्राइज तो अक्षय कुमार हैं. ‘गोलमाल 5’ के अनाउंसमेंट वीडियो में अक्षय के बाल्ड लुक ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया. एक हालिया बातचीत में अक्षय कुमार ने ‘गोलमाल 5’ में काम करने को लेकर कुछ दिलचस्प बातें बताईं और बताया कि वो फिल्म में मेन रोल प्ले नहीं कर रहे हैं.
‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार का रोल
हाल ही में सामने आईं कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अक्षय इस कॉमेडी फिल्म में विलेन का रोल निभा सकते हैं, लेकिन अभी भी इसके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. कहा जा रहा है कि इस मूवी में अक्षय कुमार का कैमियो होगा. भले ही उनका स्क्रीन टाइम ज्यादा नहीं होगा, लेकिन जितनी देर भी नजर आएंगे, उसमें महफिल लूट लेंगे. ‘गोलमाल 5’ अपने रोल के बारे में बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा, “मुझे खुशी है कि उन्हें लगा कि मैं ‘गोलमाल’ का हिस्सा बनने के लिए काफी अच्छा हूं. अजय ही मेन हीरो हैं. मैं मेन रोल नहीं निभा रहा हूं. लेकिन इसमें गलत क्या है? मैं फिल्म को सिर्फ एक फिल्म की तरह देखता हूं और कभी ये नहीं सोचता कि मैं उस फिल्म में क्या कर रहा हूं. मेरे लिए ये कहीं ज्यादा जरूरी है कि फिल्म क्या हासिल करना चाहती है. अगर मुझे कहानी पसंद आती है, तो मैं उसे करूंगा.”
“मेरा रोल बढ़िया है”
अक्षय कुमार आगे कहते हैं, “गोलमाल में मेरा रोल बढ़िया है, लेकिन हीरो अजय ही हैं. मुझे कोई इनसिक्योरिटी नहीं है और इसकी कोई जरूरत भी नहीं है. मेरे पास हर समय नई-नई स्क्रिप्ट्स और आइडिया आते रहते हैं. मैं ये देखना चाहता हूं कि मैं क्या अलग कर सकता हूं, कैसे कर सकता हूं. आपके पास जो पांच-छह रोल आते हैं, उनमें से आपको चुनना होता है. बाकी रोल दूसरे एक्टर्स के पास चले जाते हैं.” जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि अक्षय और अजय ने रोहित के कॉप यूनिवर्स ‘सिंघम अगेन’ के अलावा ‘सुहाग’, ‘खाकी’ और ‘इंसान’ जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया है.











