केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अभिषेक सिंह बने NTA के महानिदेशक

केंद्र सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल में 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र में महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे।

इस प्रशासनिक बदलाव के तहत निवेदिता शुक्ला वर्मा को केमिकल्स और फर्टिलाइजर मंत्रालय से हटाकर प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

चंचल कुमार को विकास मंत्रालय (उत्तर-पूर्व क्षेत्र) से हटाकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं संजय जाजू को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से हटाकर उत्तर-पूर्व विकास मंत्रालय का सचिव बनाया गया है।

नरेंद्र भूषण को ग्रामीण विकास मंत्रालय में भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। चंद्र शेखर कुमार को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय से हटाकर नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

पर्यटन विभाग के सचिव श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। तेजवीर सिंह को केमिकल्स और फर्टिलाइजर मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि रोहित कंसल को ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। हरबंसलाल खेरा को MSME मंत्रालय में विशेष ड्यूटी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भुवनेश कुमार को पर्यटन मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। सरकार के इस फेरबदल को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

close
Virus-free.www.avast.com