अंबिकापुर-कोलकाता डायरेक्ट फ्लाइट शुरू, 6000 किराया:पहली उड़ान में सिर्फ 3 यात्री मिले, सप्ताह में दो दिन चलेगी, वाराणसी के लिए भी मांग

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो गई है। एलायंस एयर अब सप्ताह में दो दिन अंबिकापुर और कोलकाता के बीच उड़ान संचालित कर रही है। इसी सप्ताह अंबिकापुर-दिल्ली के लिए भी हवाई सेवा शुरू की गई है। कंपनी 72 सीटों वाले विमान का संचालन कर रही है।

अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को संचालित हो रही है। गुरुवार को फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंची और फिर कोलकाता के लिए रवाना हुई। आज अंबिकापुर से कोलकाता के लिए केवल तीन यात्रियों ने उड़ान भरी।

वहीं शनिवार को यह फ्लाइट अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता जाएगी। इस रूट पर पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से कोलकाता के लिए उड़ान भरी।

2 महानगरों से जुड़ा अंबिकापुर

एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता की हवाई सेवाएं जोड़ी है। अंबिकापुर से दिल्ली फ्लाइट का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री ने 30 मार्च को किया था। दोपहर 12 बजे मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अंबिकापुर) से पहली फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हुई, जिसमें सांसद चिंतामणी भी सवार हुए।

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार संचालित है। अंबिकापुर-दिल्ली का किराया 6,500 रुपए तय किया गया है। वहीं अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट का बेस फेयर करीब 6,000 रुपए रखा गया है।

रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी सेवा के लिए भी पहल

अंबिकापुर से दिल्ली फ्लाइट सेवा शुरू करने के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी है। सांसद चिंतामणि महाराज ने इसके लिए इंडिगो से भी चर्चा की है।

इस सेवा के भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि किसी कंपनी ने विंटर शेड्यूल में इस हवाई मार्ग का फ्लाइट शेड्यूल नहीं बनाया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com