होर्मुज से राहत की खबर: 44 हजार टन LPG लेकर मुंबई की ओर बढ़ा जहाज, 17 टैंकर और कतार में

दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। होर्मुज स्ट्रेट से एक और भारतीय जहाज सुरक्षित निकल चुका है, जो करीब 44 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर मुंबई की ओर बढ़ रहा है।

दरअसल, क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के कारण ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी थीं, जिससे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई। भारत में भी एलपीजी को लेकर चिंता बढ़ गई थी। ऐसे में इस जहाज का सुरक्षित निकलना बड़ी राहत माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव के बीच ईरान ने भारतीय ध्वज वाले जहाजों को विशेष अनुमति देते हुए सुरक्षित मार्ग प्रदान किया है। इसी के तहत ‘ग्रीन सान्वी’ नामक एलपीजी टैंकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और अब भारत की ओर बढ़ रहा है।

यह जहाज फारस की खाड़ी से निकलकर निर्धारित समुद्री कॉरिडोर के जरिए आगे बढ़ा और अब मुंबई बंदरगाह की ओर अग्रसर है। इस पर 44,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लदी हुई है, जिससे देश में गैस आपूर्ति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पश्चिम एशिया में तनाव शुरू होने के बाद अब तक कुल सात एलपीजी जहाज भारत पहुंच चुके हैं। वहीं, अभी भी करीब 17 भारतीय टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में फंसे हुए हैं और ईरान से अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

इनमें ‘ग्रीन आशा’ और ‘जग विक्रम’ जैसे एलपीजी से लदे जहाज भी शामिल हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जैसे ही इन्हें क्लियरेंस मिलेगा, ये भी भारत के लिए रवाना होंगे और एलपीजी संकट से जूझ रहे लोगों को और राहत मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com