छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: बारिश, बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट, रायपुर में भी असर


रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। साथ ही मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। शनिवार को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, आने वाले 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बीते दिन भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बदलाव के पीछे एक द्रोणिका (ट्रफ) उत्तरी मध्य प्रदेश से उत्तरी विदर्भ तक सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर स्थित है। इसके अलावा, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के आसपास ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में आगामी दिनों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।











