जनगणना 2027 का पहला चरण 16 अप्रैल से शुरू, मकानों और परिवारों का लिया जाएगा विस्तृत ब्योरा

राज्य में जनगणना 2027 के पहले चरण की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होने जा रही है, जिसमें मकानों की गिनती के साथ-साथ परिवारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जाएगी। इस दौरान घर में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मकान की स्थिति (कच्चा या पक्का) और उपलब्ध सुविधाओं का विवरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही घर में मौजूद प्रमुख सामानों की भी जानकारी ली जाएगी।
इस बार जनगणना में ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है। 16 से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी होगी, जो दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते। फॉर्म भरने के बाद 11 अंकों की एक आईडी जारी होगी, जिसे प्रगणक को दिखाना होगा।
अक्सर सर्वे के दौरान घर बंद मिलने की स्थिति में “डोर लॉक” एंट्री कर दी जाती है, जिससे सही जानकारी दर्ज नहीं हो पाती। इस समस्या से बचने के लिए अधिकारियों ने लोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरने की अपील की है। इसमें करीब 15 से 20 मिनट का समय लगता है और प्रक्रिया सरल रखी गई है।
जनगणना के नियम के अनुसार व्यक्ति को उसी स्थान की जानकारी देनी होगी, जहां वह वर्तमान में रह रहा है। यदि किसी के पास एक से अधिक मकान हैं, तो केवल उसी मकान की जानकारी दी जाएगी जहां वह निवास करता है। किराये पर दिए गए मकानों की जानकारी किरायेदार द्वारा दी जाएगी। इसी तरह छात्र-छात्राएं अपने निवास स्थान के आधार पर जानकारी देंगे।
इस डेटा के आधार पर भविष्य में पानी, सड़क, बिजली जैसी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी। गलत या अधूरी जानकारी से क्षेत्र को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ सकता है। इसलिए सटीक जानकारी देना जरूरी माना गया है।
ऑनलाइन स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर लॉगिन कर परिवार का पंजीकरण करना होगा, मोबाइल नंबर से ओटीपी वेरिफिकेशन करना होगा और अपने घर की लोकेशन दर्ज करनी होगी। इसके बाद मकान और परिवार से जुड़े सवालों के जवाब भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा।
ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 मई से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी की पुष्टि करेंगे। जिन लोगों ने ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरा होगा, उनसे सीधे जानकारी लेकर फॉर्म भरा जाएगा। इस कार्य के लिए प्रदेशभर में करीब 53 हजार प्रगणक लगाए जाएंगे और पहले चरण की प्रक्रिया लगभग एक महीने तक चलेगी।









