छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : कुछ हिस्सों में बारिश-आंधी के आसार, 3 दिन बाद बढ़ेगी गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। तेज गर्मी के बीच हो रही हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर रहा। आने वाले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 9 अप्रैल के बाद मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।

तापमान और वर्षा का हाल

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

सर्वाधिक तापमान: 38.5°C, राजनांदगांव
न्यूनतम तापमान: 17.5°C, अंबिकापुर

वहीं जशपुरनगर, मनोरा और कांसाबेल में करीब 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका तेलंगाना, रायलसीमा होते हुए तमिलनाडु के आंतरिक भागों से लेकर मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है।

आज प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद मौसम शुष्क होने की संभावना है, जिससे गर्मी में बढ़ोतरी होगी।

रायपुर का मौसम

रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा।

अधिकतम तापमान: लगभग 38°C
न्यूनतम तापमान: लगभग 24°C

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com