IPL 2026: मुकुल चौधरी के छक्कों से बचकर! अर्जुन तेंदुलकर ने तो पहले ही दे दी थी वॉर्निंग

IPL 2026: मुकुल चौधरी के छक्कों से बचकर! अर्जुन तेंदुलकर ने तो पहले ही दे दी थी वॉर्निंग

हर साल आईपीएल का नया सीजन आता है. हर साल कुछ न कुछ बदलता है. मगर जो नहीं बदलता है, वो है युवा और अनजान खिलाड़ियों का चौंकाने वाला प्रदर्शन. आईपीएल 2026 में भी ऐसा जारी है और इस लिस्ट में एक नया नाम जुड़ गया है- मुकुल चौधरी. लखनऊ सुपर जायंट्स के 21 साल के स्टार ने टीम को एक ऐसा मैच जिताया, जिसमें हार तय नजर आ रही थी. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस बल्लेबाज ने छक्कों की ऐसी बारिश की, जिसने चौंका दिया. मगर जो इसे देखकर हैरान नहीं थे, उनमें से एक थे अर्जुन तेंदुलकर, जिन्होंने पहले ही इसकी चेतावनी दे दी थी.

ईडन गार्डन्स में 9 अप्रैल की रात मुकुल चौधरी का धमाकेदार अंदाज देखने को मिला. पहली बार आईपीएल में खेल रहे मुकुल ने कोलकाता के खिलाफ सिर्फ 27 गेंदों में 54 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल थे. इस पारी के दम पर ही लखनऊ ने आखिरी 4 ओवर में जीत के लिए जरूरी 54 रन बनाए, जिसमें से 52 रन मुकुल के बल्ले से ही आए. इस पारी ने दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज को रातों-रात स्टार बना दिया.

अब भले ही कोलकाता समेत बाकी टीमों और दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को मुकुल के बारे में इस मैच से पता चला होगा लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी इस काबिलियत से वाकिफ थे. LSG के लिए खेलने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने तो पहले ही बता दिया था कि वो सबसे बेहतरीन छक्के लगाते हैं. यूट्यूब शुभंकर मिश्रा के एक इंटरव्यू में अर्जुन ने कहा, “मुकुल चौधरी बहुत अच्छे छक्के मारता है. प्रैक्टिस मैच में उसके छक्के देखकर मैं बहुत प्रभावित हुआ. हर जगह छक्के मारे, स्क्वायर लेग पर, पॉइंट के ऊपर से, बॉलर की ओर, अपर कट. उसकी बैटिंग से मैं बहुत प्रभावित हुआ.”

अर्जुन ने जैसा-जैसा बताया, विकेटकीपर-बल्लेबाज मुकुल ने वैसे ही शॉट जमाए. उन्होंने स्क्वॉयर लेग और फाइन लेग की ओर 2 छक्के जमाए. वहीं कवर-पॉइंट के ऊपर से तो एक ऐसा छक्का जमाया, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए. इसने एक बात तो साफ कर दी कि मुकुल के लिए LSG ने पूरा जोर लगाकर जो 2.60 करोड़ रुपये खर्चे, वो एकदम सही थे और इस पूरे सीजन में अब उन पर नजरें और उम्मीदें भी ज्यादा रहेंगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com