IPL 2026: अभिषेक शर्मा के आगे रोहित-सैमसन भी फेल, 9 साल और 79 पारियों में पहली बार हुआ ऐसा हाल

IPL 2026: अभिषेक शर्मा के आगे रोहित-सैमसन भी फेल, 9 साल और 79 पारियों में पहली बार हुआ ऐसा हाल

भारत के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए 2026 काफी उतार-चढ़ाव भरा साबित हो रहा है. ये साल शुरू होने से पहले करीब 20 महीनों तक लगातार विस्फोटक बैटिंग कर रहे अभिषेक का बल्ला इस बार साथ नहीं दे रहा है. टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनको अब आईपीएल 2026 में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालत ये है कि सनराइजर्स हैदराबाद के इस स्टार ओपनर ने सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सोमवार 13 अप्रैल को आईपीएल 2026 के 21वें मैच में अभिषेक शर्मा के नाम ये अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ. हैदराबाद में सनराइजर्स और रॉयल्स के बीच इस मुकाबले में मेजबान टीम पहले बैटिंग कर रही थी. इस मुकाबलो के लेकर उत्सुकता इसलिए भी थी क्योंकि अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की टक्कर देखने का मौका फैंस को मिलने वाला था, जिनकी विस्फोटक बैटिंग ने आईपीएल से लेकर हर लेवल पर तहलका मचाया है.

इस टक्कर में अभिषेक को पहले अपना दावा पेश करने का मौका मिला लेकिन वो इसमें नाकाम हो गए. पारी की शुरुआत कर रहे अभिषेक ने पहली ही गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए ऊंचा कट शॉट खेल दिया लेकिन वो बाउंड्री को पार करने में नाकाम रहे और डीप बैकवर्ड पॉइंट पर कैच दे बैठे. राजस्थान के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने उन्हें मैच की पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटा दिया.

अभिषेक इस पारी में अपना खाता भी नहीं खोल सके और ‘गोल्डन डक’ का शिकार हुए. लगातार 9वां आईपीएल सीजन खेल रहे अभिषेक पांचवीं बार 0 पर आउट हुए. मगर उनके 79 पारियों वाले IPL करियर में ये पहला ही मौका था, जब वो ‘गोल्डन डक’ पर आउट हुए. इसी सीजन में वो दूसरी बार शून्य पर आउट हुए लेकिन पिछली बार वो दो गेंद खेलकर इस तरह पवेलियन लौटे थे.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com